डीके सिंह// नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष :-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
रामपुर। प्रदेश में वर्तमान में एच1एन1 के मामले सामने आने के दृष्टिगत शासन के निर्देशानुसार स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए जिला चिकित्सालय रामपुर में एच1एन1 वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. बीसी सक्सेना द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं एच1एन1 वैक्सीन लगवाकर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा शासन द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। वैक्सीनेशन का मुख्य उद्देश्य फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों को एच1एन1 संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना है।
वैक्सीनेशन अभियान के प्रथम चरण में चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संवर्ग के स्वास्थ्य कर्मियों को प्राथमिकता दी जा रही है। शनिवार को दोपहर 01 बजे तक कुल 31 स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एच1एन1 वैक्सीन का लाभ लिया।
वैक्सीनेशन कर रहे फार्मासिस्ट चरण सिंह ने बताया कि एच1एन1 वैक्सीन जिला चिकित्सालय में उपलब्ध है और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार सभी पात्र स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैक्सीन लगवाने वालों में डॉ. ओ.पी. आर्य, डॉ. केदार सिंह, डॉ. बसंत राम, डॉ. एच.के. मित्रा, डॉ. लखवीर सिंह, श्रीमती चंचल, शीला, सोनम सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।

