डीके सिंह// नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
*बच्चों पर रखें विशेष नजर, गहरे पानी में जाने से बचें*
रामपुर:- लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत नदियों, नहरों, तालाबों, पोखरों, कुओं एवं अन्य जल निकायों में जलस्तर बढ़ गया है। कहीं-कहीं पानी का बहाव तेज होने तथा किनारों की मिट्टी कमजोर होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के दौरान जल निकायों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी सावधानी बरतें। गहरे पानी में स्नान, तैराकी अथवा छलांग लगाने से पूरी तरह बचें। पानी में सेल्फी लेने, मछली पकड़ने या किसी अन्य जोखिमभरी गतिविधि में शामिल न हों।
उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की कि वे बच्चों पर लगातार नजर रखें और उन्हें नदियों, नहरों, तालाबों, पोखरों एवं कुओं के आसपास अकेले न जाने दें। बच्चों को गहरे पानी और तेज बहाव के खतरों के प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने, जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल आपदा कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0595-2350404 पर सूचना दें, ताकि संबंधित टीमों को समय से मौके पर भेजकर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य कराया जा सके।
उन्होंने जनपदवासियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। सतर्कता, जागरूकता और सावधानी से बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

