डीके सिंह //नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष :-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
*बिलासपुर।* स्थानीय पेट्रोल पंप हॉल में संचालित होने वाली *संस्कार शाला* में आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राधा-कृष्ण का सुंदर रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की सुंदर झांकियां, रासलीला तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए गए। साथ ही बच्चों ने जन्माष्टमी की थीम पर सुंदर चित्र एवं ड्रॉइंग बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर पूरे हॉल को फूलों, मोरपंख और मटकी से सजाया गया था। बच्चों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। लगभग 50 बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
*कोरियोग्राफी रही आकर्षण का केंद्र*
कार्यक्रम में बच्चों को सुंदर नृत्य एवं प्रस्तुति के लिए *कार्तिक देवाल जी* द्वारा विशेष क्रियोग्राफी तैयार कर अभ्यास करवाया गया। उनकी मेहनत से बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी उपस्थित अभिभावकों ने खूब सराहना की।
*संस्कार ही मुख्य उद्देश्य*
संस्कार शाला की *संचालिका निवेदिता मित्तल* ने बताया कि संस्कार शाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ना है। विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। ऐसे पर्व बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कार शाला टीम की सदस्य *सुनीता अग्रवाल, पूनम भुटानी एवं पंखुरी अग्रवाल* का विशेष सहयोग रहा।
अंत में सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया और जन्माष्टमी के इस विशेष आयोजन ने बच्चों को अपनी संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।

