डी के सिंह// नित्य समाचार
*बिलासपुर।* विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन कार्यों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में 14 सुपरवाइजरों के अनुपस्थित रहने पर एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अनुपस्थित सुपरवाइजरों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को जारी पत्र के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन कार्यों की समीक्षा के लिए सभी सुपरवाइजरों को तहसील सभागार में उपस्थित होने की सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई थी। इसके बावजूद कई सुपरवाइजर बैठक में नहीं पहुंचे।
अनुपस्थित रहने वालों में दिनेश कुमार, सत्यप्रकाश, यशपाल चौधरी, नरेंद्र कुमार, हवलदार राम, शिवम राठौर, ताराचन्द्र, अमित कुमार, सत्यदेव गंगवार, सत्यपाल सिंह, सुनील कुमार, रोहित कुमार, नितिन कुमार, सुमित कुमार आदि लेखपाल, उपनिरीक्षक और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
एसडीएम ने पत्र में कहा कि सुपरवाइजरों की अनुपस्थिति के कारण उनके बूथों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। इसे निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अवहेलना माना गया है।
इस संबंध में तहसीलदार बिलासपुर, तहसीलदार मिलक और खंड शिक्षाधिकारी बिलासपुर को निर्देशित किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर तीन दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
पत्र की प्रतिलिपि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामपुर को भी भेजी गई है।

