डी के सिंह //
नित्य समाचार
तहसील अध्यक्ष ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश
*रामपुर।* थाना खजुरिया क्षेत्र में हुए मोहम्मद शरीफ हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
बताया जा रहा है कि राहुल सिंह नाम की आईडी से की गई इस पोस्ट में 2007-08 में रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले का जिक्र किया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि उस हमले में जवान शहीद हुए थे और अदालत से राहत मिलने के बाद उन्होंने खुद इंसाफ किया है। पोस्ट में अन्य लोगों को भी चेतावनी देने की बात कही गई है।
*बेटे के साथ थाने से लौट रहा था शरीफ*
मृतक मोहम्मद शरीफ (53) ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी का निवासी था। 2008 के सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में वह आरोपी था, बाद में अदालत ने उसे दोषमुक्त कर दिया था। जेल से बरी होने के बाद वह करीब एक साल से गांव में ही रह रहा था।
मंगलवार शाम वह अपने बेटे मोहम्मद वाइज के साथ खजुरिया थाने पहुंचा था। थाने से वापस लौटते समय बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए।
*थाने से दूरी को लेकर दो दावे*
स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात थाने से महज 400 मीटर दूर हुई, जबकि रामपुर एसपी अनिल कुमार सिसौदिया का कहना है कि घटना थाने से करीब 2 किलोमीटर दूर हुई। परिजनों का आरोप है कि थाने से फोन आने के बाद ही शरीफ घर से निकला था और हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
*साइबर सेल एक्टिव*
पोस्ट वायरल होने के बाद रामपुर पुलिस ने साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है। आईडी के आईपी एड्रेस, लोकेशन और पोस्ट के असली स्रोत का पता लगाया जा रहा है, ताकि पता चल सके कि ये पोस्ट किसी शरारती तत्व की साजिश है या इसका हमलावरों से सीधा कनेक्शन है।
बिलासपुर सीओ पीपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में गश्त कर रहा है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि खजुरिया-गोधी मार्ग और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायगा

