सीएम योगी की माँ सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन, पंचूर में शोक की लहर


लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर के आवास में अंतिम सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और करीब 11:50 बजे उनका निधन हो गया। उनके बेटे महेंद्र सिंह ने निधन की पुष्टि की है। पौड़ी के एसएसपी ने भी निधन की सूचना की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि सीएम योगी ने फरवरी 2026 में अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर माँ से आखिरी बार मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया था। माँ के निधन की खबर मिलते ही सीएम योगी गोरखपुर से सीधे पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किया जाएगा। इसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी सहित यूपी सरकार के कई मंत्री शामिल हो सकते हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

उत्तर प्रदेश में भी शोक की लहर है। लोग कह रहे हैं कि वो सिर्फ सीएम की माँ नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की माँ थीं।

सावित्री देवी के 4 बेटे और 3 बेटियां हैं। सीएम योगी 7 भाई-बहनों में दूसरे नंबर के हैं। सीएम योगी के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था

*- डी के सिंह, ब्यूरो चीफ, नित्य समाचार, बिलासपुर, रामपुर*


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *