बिलासपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) टीम की बैठक आयोजित, SDM ने दिए सख्त निर्देश


*बिलासपुर, रामपुर।* आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन एवं मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से आज तहसील सभागार, बिलासपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) आनंद कुमार ने की। बैठक में तहसीलदार  अक्षय कुमार एवं नायब तहसीलदार बृजेश कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र 36-बिलासपुर के अंतर्गत समस्त शैक्षणिक संस्थानों (विद्यालयों एवं महाविद्यालयों) तथा सामुदायिक स्तर पर गठित ELC क्लबों की सक्रियता की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए:

18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा अर्हता तिथि तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले समस्त पात्र छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।

विद्यालयों एवं कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, पोस्टर प्रतियोगिता तथा प्रभात फेरी जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।

नए मतदाताओं में मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) सुनिश्चित किया जाए।

प्रत्येक संस्थान के कैंपस एंबेसडर एवं नोडल अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रगति आख्या तहसील कार्यालय (VRC) को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है और ELC टीम के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में संबंधित नोडल अधिकारी, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

*- डी के सिंह, ब्यूरो चीफ, नित्य समाचार, बिलासपुर, रामपुर


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *