*रिपोर्ट – डीके सिंह | तहसील अध्यक्ष – ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उ.प्र. // नित्य समाचार*
*बिलासपुर, रामपुर | 31 अगस्त 2026*
रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में इन दिनों ढाबे शराब के अड्डे बन गए हैं। नेशनल हाईवे और अंदरूनी सड़कों पर बने अधिकांश ढाबों पर खुलेआम शराब बेची और पिलाई जा रही है। शाम ढलते ही इन ढाबों पर शराबियों की महफिल सजने लगती है।
*न लाइसेंस, न डर — सबकुछ बेखौफ!*
सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर के माट खेड़ा रोड, केमरी रोड और रामपुर,बिलासपुर-रुद्रपुर मार्ग पर कई ढाबा संचालक अवैध रूप से अंग्रेजी और देसी शराब बेच रहे हैं। बोतल खोलकर गिलास में परोसने का रेट तक तय है। ढाबों पर बैठकर शराब पीने वालों से खाने के नाम पर एक्स्ट्रा पैसा वसूला जा रहा है।
*आबकारी विभाग मौन!*
नियमों के मुताबिक ढाबे पर शराब बेचना और पिलाना पूरी तरह से गैरकानूनी है, जिसके लिए बार लाइसेंस जरूरी है। लेकिन बिलासपुर में बिना किसी लाइसेंस के यह गोरखधंधा बेखौफ चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी आबकारी विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुँचती। सवाल उठ रहा है कि आखिर इस अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग की मेहरबानी क्यों है?
*सड़क हादसों को न्योता*
ढाबों पर शराब पीकर वाहन चलाने से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार नशे में धुत चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है।
*ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग*
क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और किसान संगठनों ने जिला आबकारी अधिकारी से मांग की है कि बिलासपुर क्षेत्र के सभी ढाबों की सघन जांच कर अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उनके ढाबों को सीज किया जाए।

