रामपुर*बिलासपुर – नित्य समाचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान के दौरान गहमागहमी का माहौल रहा।
राजकीय इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर शिक्षक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, मतदान केंद्र के बाहर भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने बिस्तरों पर बैठकर मतदान का आकलन करते नजर आए। प्रशासन शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।
रामपुर रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। इसके बाद शिक्षक मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कई स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एक ही वाहन से मतदान करने पहुंचे। मतदान केंद्र पर मतदाताओं के मोबाइल फोन और पेन बाहर ही रखवा लिए गए।
मतदान केंद्र से कुछ दूरी पर मुख्य चौराहे के किनारे भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र कुमार गंगवार के बिस्तर लगे थे।
भाजपा के बिस्तर पर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल और जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, सपा के बिस्तर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अमरजीत सिंह ढिल्लो, हरपाल सिंह औलख, शिव कुमार गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहम्मद हसन खां और जिला उपाध्यक्ष आरिफ खां अरोमा सहित कई नेता उपस्थित रहे।
मतदान केंद्र पर पुलिस मुस्तैद रही। जोनल मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम आनंद कुमार तथा सीओ पीपी सिंह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। एसडीएम ने बताया कि मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी हुई है।

