डी के सिंह | नित्य समाचार, रुद्रपुर ( प्रदेश अध्यक्ष: भारतीय किसान यूनियन )
चकरपुर इंटर कालेज के खेल शिक्षक ने छात्रा की अश्लील वीडियो बना ली थी। जिसे वह सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा था। इसकी सूचना जब छात्रा के स्वजनों व अन्य लोगों को लगी तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस के बुलाने पर आरोपित शिक्षक ने वीडियो डिलीट कर दी।
वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल
बुधवार को ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष आशा बिष्ट, ग्राम प्रधान दीपा देवी, गीता ज्याला, माया चंद, बीडीसी नेहा जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेश जोशी, भाजपा हिमांशु बिष्ट, एड.राकेश बिष्ट, अजय सिंह अज्जू, सुरेश चंद एवं बजरंग के हिमांशु कन्याल, सीके बिष्ट, प्रदीप ठाकुर, क्षितिज अरोड़ा आदि बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचे। हंगामे की सूचना पर खंड शिक्षाधिकारी कुशवाहा भी विद्यालय आ पहुंचे। जहां लोगों ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई।
ग्रामीणों व बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना था कि बीईओ स्कूल के प्रंबंध संचालक है। उन्हीं के द्वारा शिक्षक को पूरा संरक्षण दिया गया। जिस वजह से वह कई वर्षों से एक नही कई छात्राओं की वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। जबकि प्रधानाचार्य द्वारा आरोपित शिक्षक के विरुद्ध कई बार कार्रवाई की संस्तुति बीईओ से की गई, लेकिन उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हंगामे के दौरान पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। जहां से वह आरोपित शिक्षक को अपने साथ कोतवाली ले गई। इस मामले में स्कूल प्रबंध संचालक एवं खंड शिक्षाधिकारी कुशवाहा ने आरोपित शिक्षक सुखविंदर सिंह को निलंबित कर दिया। इस पर बजरंगी नहीं माने। बाद में मुख्य शिक्षाधिकारी ने बीईओ कुशवाहा पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें रुद्रपुर कार्यालय से संबंध कर दिया गया है।

