डीके सिंह //नित्य समाचार ,(तहसील अध्यक्ष ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट की सख्ती के बाद आखिरकार फर्जी वकीलों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाने लगा है। अलग-अलग विश्वविद्यालय से फर्जी डिग्री हासिल करने के आरोप में प्रदेश के 12 वकीलों के खिलाफ प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। बार काउंसिल आफ उप्र के सचिव आरके शुक्ला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
*सत्यापन में डिग्री फर्जी मिली*
उच्च न्यायालय इलाहाबाद की ओर से याचिका में मो. कफील बनाम स्टेट आफ यूपी व अन्य में पारित आदेश के बाद बार काउंसिल आफ उप्र में पंजीकृत ऐसे अधिवक्ता जिनकी डिग्री बार काउंसिल ऑफ इंडिया सर्टिफिकेट एंड प्लेस आफ प्रैक्टिस वेरीफिकेशन नियम 2015 के तहत सत्यापन में फर्जी पाई गई। उनके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराए का आदेश हुआ। हाई कोर्ट ने इस संबंध में तीन जून 2026 को आदेश दिया था।
*इन जिलों के रहने वाले हैं*
सिविल लाइंस थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष विकास कुमार का कहना है कि बार काउंसिल ऑफ उप्र के सचिव की तहरीर पर 12 अधिवक्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। ये गौतमबुद्धनगर, लखनऊ, सीतापुर, कानपुर, प्रतापगढ़, हरदोई, गोरखपुर, मथुरा एवं गाजियाबाद के रहने वाले हैं। विवेचना के दौरान तथ्य और साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*इनके खिलाफ हुई एफआईआर*
-सुनील कुमार अवस्थी निवासी लखनऊ। वर्ष 2013 में श्रीधर विश्वविद्यालय पिलानी, राजस्थान से डिग्री।
-पंकज कुमार निवासी कानपुर। शोभित विश्वविद्यालय मेरठ से डिग्री।
-सत्यम मिश्रा निवासी प्रतापगढ़। वर्ष 2018 में गुरु गोविंद सिंह टेक्नोलाजी विश्वविद्यालय हरियाणा से डिग्री।
-शोभित कुमार यादव निवासी हरदोई। वर्ष 2022 में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ से डिग्री।
-नफीस अहमद निवासी गौतमबुद्धनगर। 2018 में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, सागर मध्य प्रदेश से डिग्री।
-जय नारायण कटियार निवासी कानपुर। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय सागर, मध्य प्रदेश से डिग्री।
-देवेश कुमार निवासी गोरखपुर। वर्ष 2016 में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय सागर, मध्य प्रदेश से डिग्री।
-श्याम सिंघल निवासी मथुरा। वर्ष 2011 में तिरुवल्लुवर विश्वविद्यालय तमिलनाडु से डिग्री।
-पवन हिडोल निवासी मथुरा। वर्ष 2012 में तिरुवल्लुवर विश्वविद्यालय तमिलनाडु से डिग्री।
-दीपक कश्यप निवासी सहारनपुर। वर्ष 2013 में श्रीधर विश्वविद्यालय पिलानी, राजस्थान से डिग्री।
-नफीजुल हसन सिद्दीकी निवासी लखनऊ। वर्ष 2017 में एसजीटी विश्वविद्यालय हरियाणा से डिग्री।
-अभय सक्सेना निवासी गाजियाबाद। वर्ष 2009 में रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली से डिग्री।

