डीके सिंह// नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
*रामपुर।* गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के समस्त विद्यालयों में विधिक जागरूकता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला एवं बाल अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
*प्रथम चरण में 28 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक* विद्यालयों में पराविधिक स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से निःशुल्क विधिक सहायता, पॉक्सो एक्ट-2012, महिला एवं बाल अधिकार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।
*द्वितीय चरण में 02 अक्टूबर 2026* को गांधी जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को कानून के प्रति जागरूक करते हुए अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी।

