लखीमपुर खीरी में दोमुंहे सांप की तस्करी के नाम पर वसूली, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड


डी के सिंह // नित्य समाचार👁👁

*लखीमपुर खीरी :* उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दोमुंहे सांप की तस्करी के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक कार से तीन युवकों मोनू सिंह, अंकित मौर्य और पुष्कर सिंह को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 दोमुंहे सांप (Red Sand Boa) बरामद हुए, जिसकी तस्करी वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है।

आरोप है कि पुलिस टीम ने तीनों तस्करों को थाने ले जाने के बजाय एक मकान में ले जाकर अवैध हिरासत में रखा और उनसे *2 लाख रुपये वसूल लिए*। इतना ही नहीं, पैसे लेने के बावजूद तीनों को जेल भेज दिया गया।

जेल गए युवकों के परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत उच्च पुलिस अधिकारियों से की। शिकायत की जांच के बाद मामला सही पाया गया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए *इंस्पेक्टर संजीव कुमार, दारोगा शुभम कुमार सहित 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड* कर दिया गया है।

वन विभाग के अनुसार दोमुंहे सांप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है और इसकी तस्करी में मोटी रकम वसूली जाती है, जिसके चलते इसकी तस्करी लगातार बढ़ रही है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *