डी के सिंह//नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष :-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
*बिलासपुर (रामपुर), 02 अक्टूबर।* राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज नगर पालिका परिषद बिलासपुर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष * चित्रक मित्तल * द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके उपरांत महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता का संदेश देकर पूरे विश्व को नई दिशा दिखाई। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, त्याग एवं कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण रहा, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में सभासद *परमजीत कौर, मीनाक्षी रस्तोगी, अनिल मदान* सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं शास्त्री जी के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

