डी के सिंह // नित्य समाचार
तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश
*किसानों से वैज्ञानिक विधि अपनाने और संतुलित उर्वरक उपयोग की अपील*
रामपुर:-कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख की अध्यक्षता में बिलासपुर विकासखंड में इफको की ओर से रबी फसल उत्पादकता वृद्धि विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कृषि राज्य मंत्री ने बिलासपुर तहसील में नैनो डीएपी से बीजोपचार अभियान का शुभारंभ करते हुए किसानों से नैनो उर्वरकों को अपनाने और वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार उनका प्रयोग करने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि नैनो डीएपी से बीजोपचार और फसल की आवश्यकता के अनुसार छिड़काव से खेती में उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने किसानों से नैनो जिंक और नैनो यूरिया सहित आधुनिक कृषि तकनीकों को भी वैज्ञानिक सलाह के अनुसार अपनाने की अपील की।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मयंक राय एवं डॉ. अनुज बंसल ने किसानों को गेहूं, सरसों और मटर की उन्नत किस्मों, फसलों में रोग-कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी प्रबंधन की जानकारी दी। इफको के उपमहाप्रबंधक ब्रजवीर सिंह ने नैनो डीएपी से बीजोपचार की विधि समझाते हुए बताया कि प्रति किलोग्राम बीज पर पांच मिलीलीटर नैनो डीएपी का प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने फसल की आवश्यकता और अनुशंसित तकनीकी मार्गदर्शन के अनुसार छिड़काव की जानकारी भी दी।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने और उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इफको, नई दिल्ली के उपमहाप्रबंधक रजनीश पांडे ने विभिन्न फसलों में नैनो उर्वरकों के प्रयोग की विधि एवं उपयुक्त समय के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपनिदेशक कृषि रामकिशन सिंह, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा, एआर कोऑपरेटिव शिवम मलिक, इफको एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

