*बिलासपुर – नित्य समाचार।* भारत की जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) एवं स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन को लेकर तहसील सभागार बिलासपुर में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी बिलासपुर ने की।
कार्यशाला में चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों, प्रगणकों (Enumerators) एवं संबंधित तकनीकी कर्मचारियों को द्वितीय चरण के डिजिटल व तकनीकी पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से नागरिकों द्वारा स्वयं की जाने वाली गणना की तकनीकी प्रक्रिया समझाई गई। प्रगणकों को बताया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जो नागरिक स्वयं गणना करेंगे, उनके डेटा का सत्यापन किस प्रकार किया जाना है।
उप जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है। सभी प्रगणकों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में कोई भी परिवार या नागरिक छूटने न पाए और डेटा प्रविष्टि पूर्णतः पारदर्शी व त्रुटिरहित हो।
फील्ड में समन्वय निर्देश दिए गए कि प्रगणक अपने आवंटित क्षेत्रों में नागरिकों से विनम्रतापूर्वक संपर्क करें, आवश्यक प्रपत्रों एवं ऐप के माध्यम से जानकारी संकलित करें तथा किसी भी तकनीकी समस्या पर तत्काल सुपरवाइजर से संपर्क करें।
प्रशिक्षण सत्र के अंत में प्रगणकों की शंकाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बिलासपुर, तहसीलदार बिलासपुर, नायब तहसीलदार बिलासपुर, सीडीपीओ बिलासपुर, मास्टर ट्रेनर्स सहित समस्त प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

