( नित्य समाचार न्यूज़ एजेंसी ) जनपद बरेली:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में 1 हजार करोड़ रुपये की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और 58 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की भी शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास विजन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई और शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया।
शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत और CM योगी का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से शिक्षा का नया सत्र प्रारंभ हो रहा है और समाज के विकास के लिए शिक्षित समाज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा सुधार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि “हर बच्चे को स्कूल भेजना हमारी प्राथमिकता है।”
‘स्कूल चलो अभियान’ से जोड़ने की अपील
सीएम योगी ने ‘स्कूल चलो अभियान’ को सफल बनाने के लिए सभी को इससे जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के स्कूलों की स्थिति दयनीय थी। न स्कूलों में टॉयलेट थे, न सही क्लासरूम। लेकिन वर्तमान सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं। स्कूलों का कायाकल्प किया गया है, जिसमें स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था शामिल है।
शिक्षा सुधार की दिशा में योगी सरकार के प्रयास
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार ने अब तक 1.25 लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती की है। स्कूलों का लगातार विकास किया जा रहा है और शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए योगी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर है और प्रदेश में हर बच्चे को शिक्षित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।