डी के सिंह // नित्य समाचार👁👁
तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश
*रामपुर/बिलासपुर | नित्य समाचार।*
किसानों से धान खरीद की व्यवस्था परखने के लिए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आनन्द कुमार सिंह ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी के साथ बिलासपुर मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी के सभी 17 क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
एडीएम ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों के धान की तौल नियमानुसार की जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो!
निरीक्षण के दौरान एसकेवीएस बिलासपुर पीसीयू केंद्र पर ग्राम खंडिया निवासी किसान सुरेंद्र कुमार पुत्र रामप्रकाश द्वारा लाए गए लगभग 80 कुंतल धान का सत्यापन किया गया। मौके पर धान की तौल होती मिली। इस दौरान किसान का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।
एडीएम ने क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि धान खरीद में निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को फोन पर किसानों के पंजीकरण का सत्यापन जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि जनपद रामपुर में वर्तमान में 129 धान क्रय केंद्र संचालित हैं। इसके अतिरिक्त 17 नए केंद्रों को अनुमोदन दिया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 146 धान क्रय केंद्र अनुमोदित हो चुके हैं।

