डी के सिंह // नित्य समाचार 👁👁
*नवरात्रि पर खाद्य विभाग की बड़ी छापेमारी, 480 किलो दूषित कुट्टू का आटा नष्ट*
*फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर एक्शन, 7 सैंपल जांच को भेजे गए, 48 हजार का माल नष्ट*
*रामपुर / बिलासपुर | नित्य समाचार।* नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और व्रतधारियों को सुरक्षित सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापामार अभियान चलाया।
फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर की गई कार्रवाई में करीब *480 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू का आटा* बरामद कर नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत *48 हजार रुपये* बताई गई है। अब तक विभिन्न कारोबारियों से कुल *7 नमूने* लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) के अतिरिक्त प्रभार *संजीव सिंह* के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सामने आया कि रामपुर के व्यापारी *प्रमोद कुमार गुप्ता* ने गाजियाबाद की दो फर्मों से कुल *08 क्विंटल साबुत कुट्टू* खरीदा था। इसे बिलासपुर रोड स्थित गजराम चक्की से पिसवाकर पैकेट तैयार कराए गए और रामपुर के विभिन्न किराना प्रतिष्ठानों पर बिक्री के लिए भेजे गए।
जांच के दौरान संबंधित कारोबारी से कुट्टू के आटे के *दो नमूने* लिए गए। खाद्य पंजीकरण नहीं होने का मामला भी सामने आया। विभिन्न दुकानों पर छिपाकर रखे गए करीब 480 किलोग्राम संदिग्ध आटे को वापस मंगवाकर *बिलासपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड पर नियमानुसार नष्ट* कराया गया। *मिस्टन गंज स्थित एसके ट्रेडर्स* से साबूदाना, मयूर ब्रांड कुट्टू का आटा और कुट्टू मींग के एक-एक नमूने लिए गए। *भगत जी किराना स्टोर* से साबूदाना तथा *स्टेशन रोड के सामने दशमेश किराना स्टोर* से सिंघाड़े के आटे का नमूना भी संग्रहित किया गया। अखाद्य केमिकल की बिक्री का मामला सामने आने पर संबंधित कारोबारकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है!
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवरात्रि व्रत रखने वाले लोगों से अपील की है कि खुले में पिसे कुट्टू के आटे की खरीद से बचें। सीलबंद पैकेट, पैकिंग तिथि, अवसान तिथि और निर्माता का पूरा पता अवश्य जांच लें। विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
*टीम में शामिल:* खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, अशोक कुमार, देवकान्त और शहाबुद्दीन दोस्त।

