ब्रेकिंग
✒️ *नसबंदी व टीकाकरण के बाद यथास्थान पर छोड़े जाएं आवारा कुत्ते: सुप्रीम कोर्ट*
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर के डॉग शेल्टर्स से आवारा कुत्तों को छोड़ने पर लगी रोक में संशोधन किया है। कोर्ट ने आदेश दिया कि पकड़े गए कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के बाद उसी जगह छोड़ा जाए, जहां से उन्हें उठाया गया था। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि यह आदेश रेबीज से संक्रमित, संक्रमण की आशंका वाले या आक्रामक कुत्तों पर लागू नहीं होगा।
——+—_——————————————————————————-
✒️ *खुशखबरी: त्योहारी सीजन पर रेलवे चलाएगा 380 गणपति स्पेशल ट्रेनें*
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 2025 में 380 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। यह संख्या अब तक की सबसे अधिक है। रेलवे ने बताया कि 2023 में 305 और 2024 में 358 गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। इस साल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की संख्या और बढ़ा दी गई है। इन ट्रेनों के जरिए त्योहारों पर भीड़भाड़ कम होगी और श्रद्धालुओं को आरामदायक यात्रा मिलेगी।
———————————————-
✒️ *ऑनलाइन मनी गेम्स पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, गेमिंग उद्योग में रोजगार का संकट*
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन व विनियमन विधेयक 2025 अब कानून बन गया है। इसके तहत ऑनलाइन मनी गेम्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सरकार का कहना है कि इस कानून से ई-स्पोर्ट्स और सोशल गेम्स को बढ़ावा मिलेगा, जबकि गेमिंग उद्योग का अनुमान है कि 400 से अधिक कंपनियां बंद हो सकती हैं और लगभग 2 लाख नौकरियां प्रभावित होंगी।
——-+—+————————-+—-
✒️ *सुप्रीम कोर्ट के फैसले से अलीगढ़ में श्वान प्रेमियों में उत्साह*
अलीगढ़। सुप्रीम कोर्ट द्वारा घुमन्तू और आक्रामक कुत्तों के प्रबंधन एवं रेबीज प्रभावित कुत्तों को शेल्टर करने के निर्णय का अलिगढ़ के श्वान प्रेमियों ने स्वागत किया है। The Aligarh Dog Welfare Society के सचिव संदीप नक्षत्र ने बताया कि वे इस फैसले का समर्थन करते हैं और स्थानीय अधिकारियों से स्ट्रिलाइजेशन और वैक्सीनेशन पर ध्यान देने का अनुरोध करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे डॉग बाइट की घटनाओं के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन घुमन्तू कुत्तों को शेल्टर होम में बंद करने के विरोधी हैं। संदीप नक्षत्र ने कहा कि उनकी संस्था और Aligarh Kennel Club जल्द ही निशुल्क एंटी-रेबीज कैम्प का आयोजन करेगी।
———+++—————————–
✒️ *नगर पालिकाओं को स्मार्ट और विकसित बनाया जाएगा: सीएम योगी*
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं को स्मार्ट और विकसित नगर पालिका योजना के तहत आधुनिक, आत्मनिर्भर और नागरिक-केंद्रित रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल बाद नगर निगमों की वित्तीय स्वीकृति सीमा बढ़ाई जाएगी और सभी नगरीय निकायों के पास अपने भवन होने चाहिए। उन्होंने हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत नगर पालिकाओं को जोड़कर आधुनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। लखनऊ-कानपुर रूट पर शीघ्र 200 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। जबकि अन्य नगरों के लिए 650 नई बसें खरीदी जाएंगी। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को प्रोत्साहित करने के साथ ही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के निर्देश भी दिए।
———————————————
✒️ *संभल मस्जिद विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने 25 अगस्त तक यथास्थिति के दिए आदेश*
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को संभल मस्जिद विवाद मामले में 25 अगस्त तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। साथ ही हिंदू याचिकाकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। यह आदेश न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति एएस चंदुरकर की पीठ ने पारित किया।
———————————————
✒️ *अलीगढ़ में कल अटलपुर फीडर पर विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित*
अलीगढ़। विद्युत वितरण खंड-प्रथम के 33/11 केवी उपकेन्द्र लोधा के तहत अटलपुर फीडर पर सड़क चौड़ीकरण के लिए पेड़ों की छटाई के कार्य के कारण 23 अगस्त 2025 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उपखण्ड अधिकारी सौरभ भारद्वाज ने उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए क्षमा याचना की है।
——————————————–
✒️ *बैंगन की फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय किसान की हुई मौत*
अलीगढ़। गंगीरी क्षेत्र के गांव जखैरा में बृहस्पतिवार को बैंगन की फसल पर कीटनाशक छिड़कते समय एक किसान की मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
————+–++————————–
✒️ *डाकघर कर्मचारी पर अभद्रता और रिश्वत मांगने का लगाया आरोप*
अलीगढ़। थाना टप्पल स्थित डाकघर में गुरुवार को आधार कार्ड में संशोधन कराने पहुंचे लोगों ने कर्मचारी पर अभद्रता और रुपये मांगने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। स्यारोल निवासी सतीश ने बताया कि वह आधार कार्ड बनवाने डाकघर पहुंचे थे। कई घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद भी काम नहीं हुआ। आरोप है कि कर्मचारी ने 1000 रुपये की मांग की और मना करने पर अभद्रता की।
——————-+++———————
✒️ *यूपी पीईटी परीक्षा 6 और 7 सितंबर को, एडमिट कार्ड जल्द जारी होने की संभावना*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित यूपी पीईटी परीक्षा का एडमिट कार्ड जल्द जारी होने की संभावना है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यूपी पीईटी परीक्षा का आयोजन 6 और 7 सितंबर को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक और दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित होगी।
——————————————–
✒️ *यूपी में विकास के साथ बढ़ा कर्ज बोझ, हर व्यक्ति पर 37,500 रुपए का ऋण*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जहां बुनियादी और औद्योगिक विकास में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं उधारी का बोझ भी तेजी से बढ़ रहा है। चालू वित्त वर्ष में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति पर औसतन लगभग 37,500 रुपए का कर्ज है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच साल में प्रदेश का कर्ज 6 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि विकास कार्यों और योजनाओं के लिए बढ़ते खर्च ने कर्ज का बोझ बढ़ाया है।
———————————————
✒️ *अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर में बनेगी मटेरियल टेस्टिंग लैब और इंजीनियरिंग मेटल बैंक*
अलीगढ़। डिफेंस कॉरिडोर में जल्द ही मटेरियल टेस्टिंग लैब और इंजीनियरिंग मेटल बैंक की स्थापना की जाएगी। 21 अगस्त को भारत सरकार की टास्क फोर्स की अध्यक्ष मीता राजीव लोचन ने कॉरिडोर का दौरा किया। भ्रमण के दौरान एनसीआई के प्रबंध निदेशक ने इन दोनों ढांचों की स्थापना का सुझाव दिया। उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि इनसे उच्च गुणवत्ता वाला कच्चा माल आसानी से उपलब्ध होगा, जिससे रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और उत्पादन की रफ्तार बढ़ेगी। मीता राजीव लोचन ने इस दौरान नित्या क्रिएशन इंडिया (एनसीआई), वर्विन डिफेंस और अमिटेक कंपनी का भी दौरा किया और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर विस्तार से चर्चा की।
——————————————–
✒️ *अयोध्या में सातवें फिल्मी रामलीला का हुआ भूमि पूजन, बॉलीवुड सितारे निभाएंगे किरदार*
अयोध्या। अयोध्या की भव्य फिल्मी रामलीला के सातवें संस्करण के लिए रामकथा पार्क में भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस बार रामलीला में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार रामायण के किरदारों को जीवंत करेंगे। रामलीला 22 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आयोजित होगी। यह कार्यक्रम हर रोज शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा और इसका सीधा प्रसारण यूट्यूब समेत कई चैनलों पर किया जाएगा। इस बार रामलीला में अहिरावण रजा मुराद, परशुराम पुनीत इस्सर, हनुमान जी राजेश पुरी, जनक अवतार गिल, विभीषण राकेश बेदी, रावण मनीष शर्मा आदि कलाकार किरदार निभाएंगे।
——-+;++——————————:
✒️ *पितृपक्ष में 100 साल बाद खास संयोग, लगेगा चंद्रग्रहण और सूर्यग्रहण*
अलीगढ़। पितरों के श्राद्ध और तर्पण का पक्ष सात सितंबर से शुरू हो रहा है। ज्योतिष और खगोलविदों के अनुसार लगभग 100 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब पितृपक्ष के दौरान चंद्रग्रहण और सूर्यग्रहण दोनों एक ही पक्ष में पड़ेंगे। इस दौरान साढ़े तीन घंटे का चंद्रग्रहण होगा, जिसका सूतक नौ घंटे पहले लग जाएगा। वहीं सूर्यग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा, इसलिए उसका सूतक लागू नहीं होगा। ग्रहण की यह दुर्लभ घटना पितरों की शांति, तर्पण और कर्मकांड को बेहद खास बनाएगी।
———————————+++++–
✒️ *शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 81,306 और निफ्टी 24,870 पर हुआ बंद*
मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 693.86 अंक टूटकर 81,306.85 अंक वहीं, एनएसई का निफ्टी 213.25 अंक गिरकर 24,870.50 अंक पर बंद हुआ।
———————-+++++—————
✒️ *मत्स्य पालन योजनाओं हेतु अब 31 अगस्त तक कर सकते है आवेदन*
अलीगढ़। सहायक निदेशक मत्स्य प्रियंका आर्या ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना तथा प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। विस्तृत जानकारी व आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक कार्य दिवसों में सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
——————————————–
✒️ *रोजगार महाकुंभ में 100 से अधिक कंपनी करेंगी प्रतिभाग*
अलीगढ़। सहायक निदेशक सेवायोजन डॉ. पीपीसी शर्मा ने बताया कि सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में रोजगार महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। इस महाकुंभ में विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और लगभग 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का उनकी योग्यता के अनुरूप चयन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सुझाव दिया गया है कि इच्छुक उम्मीदवार रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर जॉबसीकर श्रेणी में अपना पंजीकरण कराएं। पंजीकरण और ऑनलाइन आवेदन के बाद ही अभ्यर्थी रोजगार महाकुंभ में प्रतिभाग कर सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
—-+————————————–
✒️ *कलैक्ट्रेट सभागार में कल आयोजित की जाएगी रिमोट सेंसिंग कार्यशाला*
जिला अर्थ संख्या अधिकारी एके दीक्षित ने बताया है कि कल 12.30 बजे जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर द्वारा कलैक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों द्वारा जीआईएस तकनीक का उपयोग करके जिले में तैयार किये गये डिजिटल डेटाबेस का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा। उन्होंने सभी सबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि वर्कशॉप में प्रतिभाग कर तकनीक के बारे में जानकारी हासिल करें।
———————————————
✒️ *कृष्णांजलि नाट्यशाला में कल आयोजित किया जाएगा आशा सम्मेलन*
जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा 23 अगस्त को प्रातः 10 बजे से कृष्णांजलि नाट्यशाला में आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि आशा सम्मेलन में अध्यक्ष जिला पंचायत विजय सिंह मुख्य अतिथि एवं शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
——————————————
✒️ *बासमती चावल में 60 दिन तक कीटनाशकों के प्रयोग पर लगा प्रतिबंध*
अलीगढ़। जिले में बासमती चावल की गुणवत्ता और निर्यात को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने कुछ कीटनाशकों के उपयोग, बिक्री और वितरण पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश स्तर से जारी अधिसूचना के अनुसार ट्राईसाइक्लाजोल, बुप्रोफेजिन, एसीफेट, क्लोरपाइरीफास, हेक्साकोनोजोल, प्रोपिकोनाजोल, थायोमेथाक्साम, प्रोफेनोफास, इमिडाक्लोप्रिड, कार्वाफ्यूरॉन एवं कार्वेण्डाजिम जैसे रसायनों का किसी भी प्रकार का फार्मूलेशन बासमती चावल में प्रयोग नहीं किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इन रसायनों के प्रयोग से चावल में अधिकतम अवशेष स्तर (एमआरएल) बढ़ जाता है। इससे यूरोपीय संघ, अमेरिका और खाड़ी देशों जैसे बड़े आयातक बाजारों में निर्यात प्रभावित होता है।
✒️ *अलीगढ़ राजकीय आईटीआई में 27 अगस्त को वृहद रोजगार मेले का आयोजन*
अलीगढ़। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय मॉडल कैरियर सेंटर एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में 27 अगस्त सुबह 10 बजे से राजकीय आईटीआई परिसर में वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा। सहायक निदेशक सेवायोजन डॉ. पीपीसी शर्मा ने बताया कि मेले में 10 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और सिक्योरिटी सर्विस, मार्केटिंग, अकाउंटेंट, प्रोडक्शन एसोसिएट, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, सुपरवाइजर, पैकिंग इंचार्ज, टेलीकॉलर आदि पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) एवं www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में प्रतिभाग करें।
✒️ *यूपी में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट*
लखनऊ। मानसून सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति फिर से गंभीर हो गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक 38 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहले पूर्वी और अब पश्चिमी जिलों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो चुका है।
—–++——-+——————+++–
✒️ *एएमयू के छह छात्रों को चीन व ताइवान की मिली छात्रवृत्ति*
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के विदेशी भाषा विभाग (डीएफएल) के चीनी भाषा के छह छात्रों को चीन और ताइवान सरकार की ओर से एक-वर्षीय पूर्ण-वित्तपोषित छात्रवृत्ति मिली है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। इनमें से पाँच छात्र नाजनीन हैदर खान पेकिंग यूनिवर्सिटी, मोहम्मद अजीम झेजियांग यूनिवर्सिटी, अनस अली बीजिंग लैंग्वेज एंड कल्चर यूनिवर्सिटी,अब्दुल अजीज ईस्ट चाइना नॉर्मल यूनिवर्सिटी, वंशिका रानी बीजिंग लैंग्वेज एंड कल्चर यूनिवर्सिटी वहीं, एएमयू के पूर्व छात्र अहमद फारूकी को ताइवान सरकार की हुआयू एनरिचमेंट स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है।
——————————————
✒️ *एएमयू विधि संकाय के पूर्व छात्र ने दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में किया टॉप*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विधि संकाय की उत्कृष्टता और गौरव को प्रदर्शित करते हुए, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड, अकबर सिद्दीकी ने दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
—-+++++++++++++—-+-+-+–++-
✒️ *छात्र फराज अली ने हासिल की ईएसटी-2025 में ऑल इंडिया रैंक 9*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के एमएससी (भौतिकी, 2022-24) के छात्र फराज अली ने संयुक्त प्रवेश स्क्रीनिंग टेस्ट (जेईएसटी-2025) में भौतिकी विषय में ऑल इंडिया रैंक 9 प्राप्त कर विश्वविद्यालय के नाम को रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ, उन्हें देश के तीन प्रमुख संस्थानों टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर), मुंबईय हरीश-चंद्र रिसर्च इंस्टीट्यूट (एचआरआई), प्रयागराजय और इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिक्स (आईओपी), भुवनेश्वर में शोध के अवसर प्राप्त हुए हैं।