रामगंगा/कोसी नदी स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न, 350 किलो से अधिक कचरा निकला


जनपद रामपुर🇮🇳🇮🇳

Dk Singh / नित्य समाचार ( तहसील अध्यक्ष: ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश / प्रदेश अध्यक्ष : भारतीय किसान यूनियन अ टिकेत यूथ सभा )

रामपुर 👉जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के अंतर्गत तथा जिला गंगा समिति, रामपुर के तत्वावधान में “हर रविवार, एक घंटा श्रमदान” अभियान के तहत कोसी नदी की स्वच्छता हेतु एक वृहद अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। “क्लीन रिवर, बेटर टुमारो” थीम पर आधारित यह अभियान रामपुर स्थित कोसी पुल क्षेत्र में संचालित किया गया, जिसमें युवाओं, स्थानीय नागरिकों, क्लीनअप रामपुर, आर्ट ऑफ लिविंग एवं जिला पंचायती राज विभाग द्वारा नामित सफाई कर्मियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
अभियान का उद्देश्य नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबे नदी तट क्षेत्र की गहन सफाई की। सफाई अभियान के दौरान नदी एवं उसके किनारों से 350 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक, पॉलिथीन एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित कर उनका समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर नमामि गंगे, के डीपीओ लव कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नदी स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े परिवर्तन संभव होते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर एवं हरित रामपुर के निर्माण हेतु सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला गंगा समिति, रामपुर की ओर से इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों, नागरिकों, सहयोगी संगठनों एवं संबंधित विभागों के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। समिति द्वारा यह संकल्प दोहराया गया कि “एक कदम स्वच्छता की ओर, एक संकल्प भविष्य के लिए” के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अभियान से संबंधित अधिक जानकारी अथवा आगामी कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर 85320 38052 पर संपर्क किया जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *