डीके सिंह // नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
टांडा, रामपुर। कोतवाली टांडा क्षेत्र के दुलीवाला गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
दुलीवाला निवासी स्वाति (22) इंटरमीडिएट तक शिक्षित थी। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर एक पेड़ पर उसका शव लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि जिस टहनी से युवती का शव लटका मिला, वह टूटी हुई थी। पुलिस को युवती के पास से आधार कार्ड, कुछ नकदी और मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता कैलाश ने पुलिस को दी तहरीर में बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी की हत्या करने के बाद शव को पेड़ पर लटकाया गया। उन्होंने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

