*अत्यधिक वर्षा से प्रभावित परिवारों को 46.46 लाख रुपये की राहत सहायता वितरित* 


डीके सिंह// नित्य समाचार

(तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)

जनपद रामपुर में 01 अगस्त से 06 सितम्बर 2026 तक अत्यधिक वर्षा एवं संबंधित आपदाओं से प्रभावित लोगों और परिवारों को जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराई गई है।

अब तक 10 जनहानि के मामलों में 40 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है। इनमें सदर तहसील में डूबने से 3, टांडा में सर्पदंश से 1, मिलक में डूबने से 1 तथा शाहबाद तहसील में आंधी-तूफान से 1, सर्पदंश से 1 और डूबने से 3 जनहानि के मामले शामिल हैं।

इसी प्रकार 94 मकानों की क्षति के मामलों में 6.355 लाख रुपये की सहायता दी गई है। इनमें 2 कच्चे मकानों की पूर्ण क्षति, 81 कच्चे और 11 पक्के मकानों की आंशिक क्षति शामिल है। इसके अलावा एक पशु बाड़े की क्षति के लिए 3 हजार रुपये और एक झोपड़ी की क्षति के लिए 8 हजार रुपये की सहायता दी गई है।

इस प्रकार अब तक प्रभावित लोगों को कुल 46 लाख 46 हजार 500 रुपये की राहत सहायता वितरित की जा चुकी है।

जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि वर्षा और आपदा से होने वाली क्षति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जनहानि, पशुहानि या मकान क्षति की सूचना मिलने पर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार यथाशीघ्र राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *