* रामपुर।* आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिलावट करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, किसी भी स्थिति में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न होने दिया जाए।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिया कि दुकानों पर रखी खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि के साथ *यूज्ड बाय डेट* स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्ता और उपयोग की अवधि की जानकारी मिल सके।
खुले में नॉनवेज की बिक्री पर कठोर कार्रवाई के निर्देश सहायक आयुक्त खाद्य को दिए। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नमूने लिए जाएं और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और मिलावट की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
*31 अक्टूबर तक 406 खाद्य नमूने लिए*
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 अक्टूबर 2026 तक विभाग ने 1,313 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा 161 छापे डालकर कुल 406 खाद्य नमूने लिए। इनमें 194 विधिक और 212 सामान्य नमूने शामिल हैं।
प्रयोगशाला से प्राप्त 179 जांच रिपोर्टों में 79 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
*दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर भी विशेष नजर*
दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए 167 निरीक्षण किए गए तथा 42 छापे डालकर 42 नमूने लिए गए। प्राप्त 32 जांच रिपोर्टों में 18 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस संबंध में 23 वाद न्याय निर्णायक अधिकारी के न्यायालय में दायर किए गए। वहीं 15 वादों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
जनपद में अब तक कुल 1,498 लाइसेंस तथा 10,426 पंजीकरण जारी किए जा चुके हैं। लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित है।
जिलाधिकारी की आमजन से अपील*
जिलाधिकारी ने खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें, स्वच्छता बनाए रखें और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। मिलावट से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए लापरवाही करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य देखें। कहीं भी मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई दे तो संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम, सीओ सिटी, सहायक आयुक्त खाद्य सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी एवं खाद्य व्यापारी मौजूद रहे।

