*रामपुर।* दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने 06 से 17 नवम्बर तक विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। इसके तहत यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है।
रामपुर डिपो से मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, दिल्ली एवं शाहजहांपुर सहित विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की मांग के अनुसार 10 से 15 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राम प्रकाश ने बताया कि रामपुर डिपो में कुल 89 बसें हैं, जिनमें से वर्तमान में 82 बसों का संचालन हो रहा है। त्योहारों के दौरान अधिक से अधिक बसों को सड़क पर उतारने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत चालक एवं परिचालकों सहित अन्य कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी एवं संचालन के मानकों के अनुसार प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी, जिससे कर्मचारियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या एवं मांग के अनुसार विभिन्न मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। परिवहन निगम का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को बसों के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उन्हें समय से अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिले।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने परिवहन विभाग, एआरटीओ एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा बसों का संचालन व्यवस्थित ढंग से कराया जाए।
एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग के अधिकारियों की निजी बस संचालकों, चालकों एवं परिचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक धनराशि न वसूली जाए। अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यात्रा के लिए बसों का उपयोग करते समय निर्धारित किराया ही दें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।

