*खेलो इंडिया संवाद में युवाओं से खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण पर होगी सीधी बात, 27 अगस्त को पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन* 


डीके सिंह// नित्य समाचार

(तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)

*युवाओं की आवाज पहुंचेगी राष्ट्रीय मंच तक खेलो इंडिया संवाद में विचार, सुझाव और आकांक्षाओं को मिलेगा मंच*

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को रज़ा पी0जी0 कॉलेज रामपुर तथा गुरु तेगबहादुर साहिब राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद- खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा, जिसका चयनित स्थलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल और फिटनेस के साथ नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के व्यापक राष्ट्रीय विजन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा तथा एन0एस0एस0 कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। देश के प्रत्येक जिले में चयनित दो महाविद्यालयों में एक साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें स्थानीय खिलाड़ियों के साथ खेल जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया जाएगा। इसके बाद जनप्रतिनिधियों का संबोधन होगा और वे युवाओं के साथ संवाद करेंगे।

कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा युवा संवाद होगा। इसमें युवाओं के विचारों, सुझावों और आकांक्षाओं को सुना और दर्ज किया जाएगा। संवाद के लिए चार प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें अधिक नागरिक जागरूक और जिम्मेदार युवाओं का निर्माण, भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से आगे के कौशल, नई पीढ़ी के लिए स्वयंसेवा की नई अवधारणा तथा माय भारत को और मजबूत मंच बनाना शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं से प्राप्त सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर आगे भेजा जाएगा, ताकि युवाओं के विचारों और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले संवाद का हिस्सा बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से अपने सुझाव देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था रहेगी। मीनू बोहरा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल खेल और फिटनेस से जोड़ना नहीं है, बल्कि उनमें नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करना है। खेलों के माध्यम से स्वस्थ और सक्रिय युवा तैयार करने के साथ उन्हें देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *