डीके सिंह //नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष :-ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
*27 से 29 अगस्त तक यूपी रोडवेज की बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा*
मातृशक्ति के सम्मान एवं सुविधा को समर्पित प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत मा. मुख्यमंत्री जी ने ‘राजमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के अंतर्गत महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया।
मा. मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मा. शहर विधायक आकाश सक्सेना, मा. मिलक विधायक राजबाला सिंह, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक मोहनलाल सैनी, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की उपस्थिति में जिला सहकारी बैंक सभागार में देखा गया।
*रक्षाबंधन पर बहनों के लिए फ्री बस यात्रा*
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर 27 अगस्त 2026 की प्रातः 06:00 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इस अवधि में बहनें अपने भाई को राखी बांधने के लिए बिना किराए की चिंता किए यात्रा कर सकेंगी। प्रदेश सरकार की यह पहल रक्षाबंधन की खुशियों को और बढ़ाने वाली है।
*वरिष्ठ मातृशक्ति के लिए भी बड़ी सौगात*
मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने की भी स्वीकृति दी गई है।
यह निर्णय वरिष्ठ महिलाओं के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और उनके सुगम आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
*रामपुर में महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान वितरित*
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा उपस्थित महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित किए गए तथा उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
प्रदेश सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर लाखों बहनों को अपने मायके और परिवार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। निःशुल्क बस यात्रा की यह सौगात बहनों के लिए सुविधा के साथ-साथ उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश भी है।
कार्यक्रम में यात्री कर अधिकारी एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी सहित एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

