डीके सिंह // नित्य समाचार
(तहसील अध्यक्ष:- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश)
रामपुर:- विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया।
बैठक में गत किसान दिवस में किसानों खेतों में जल भराव, नलकूप और अन्य समस्यायें उठाई गई, जिसमें उनके निस्तारण की विभागवार समीक्षा की गई। इसके बाद किसानों की नई समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर रबी सीजन के लिए अनुदानित बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसान ऑनलाइन बुकिंग कर अपनी आवश्यकता के अनुसार अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में उर्वरक भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसानों से आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदने की अपील की।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि आलू कोल्ड स्टोर के लिए 100 रुपये प्रति कुंतल, अधिकतम 200 कुंतल तक यानी 20 हजार रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। किसान योजना का लाभ लेने के लिए उद्यान विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
किसान प्रतिनिधियों ने कमोरा क्षेत्र में नाला एवं पुलिया बंद होने से खेतों में जलभराव, भैया नगला की कोसी नदी में क्षतिग्रस्त संपर्क पुलिया तथा सराबा में नए नलकूप की मांग सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
किसान दिवस में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

